
AI Training for Teachers Raipur: छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में अब शिक्षण, शोध और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का उपयोग बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके माध्यम से कॉलेजों के प्राध्यापकों के साथ ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे पढ़ाई को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सके।
पहले चरण में पांच सौ से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण
CG Higher Education News 2026: शुरुआती चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस पहल के जरिए शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कक्षाओं में अध्यापन की गुणवत्ता सुधारने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने रविवार को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एमओयू हस्ताक्षर और प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कहा कि एआई शिक्षकों की कार्यक्षमता और शिक्षण प्रभावशीलता बढ़ाने का एक उपयोगी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का कार्य विद्यार्थियों में सोचने, समझने और प्रश्न पूछने की क्षमता विकसित करना है, जिसे एआई तकनीक और बेहतर बना सकती है।
स्थानीय भाषाओं में तैयार होगी अध्ययन सामग्री
इस नई तकनीक की मदद से प्राध्यापक कई भाषाओं में अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। कठिन विषयों को सरल भाषा और रोचक ढंग से समझाने, पाठ योजना बनाने तथा अभ्यास प्रश्न तैयार करने में इससे सहायता मिलेगी, जिससे छत्तीसगढ़ जैसे बहुभाषी राज्य में अलग-अलग पृष्ठभूमि के छात्रों को पढ़ाई में सुविधा होगी।
मूल्यांकन और शोध कार्यों में मिलेगा सहयोग
एआई के उपयोग से विद्यार्थियों के मूल्यांकन, उनके प्रदर्शन के विश्लेषण और फीडबैक देने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। इसके अलावा शोध कार्यों में उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण और नए विषयों के अध्ययन में भी इसका लाभ मिलेगा, हालांकि शैक्षणिक उपयोग से पहले एआई से प्राप्त जानकारी की जांच और सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
कार्यालयीन कामकाज में भी आएगी तेजी
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों को भी जोड़ा गया है ताकि पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने और सूचनाओं के विश्लेषण जैसे कार्यालयीन काम समय पर पूरे हो सकें। प्रारंभिक कार्यशाला के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे और आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।



