24 नवंबर को छत्तीसगढ़ में बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर, स्कूल और बैंक, छत्तीसगढ़ सरकार ने घोषित की सार्वजनिक अवकाश

रायपुर। त्योहारों से भरे नवंबर के महीने में स्कूली बच्चों और सरकारी कर्मचारियों के लिए एक और खुशखबरी है। दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा की छुट्टियों के बाद अब 24 नवंबर, मंगलवार को राज्य भर में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन सभी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी दफ्तरों और बैंकों में भी ताले लटके रहेंगे। अगर आप मंगलवार को बैंक या किसी सरकारी कार्यालय से जुड़ा काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो अपनी योजना में बदलाव कर लें।

छत्तीसगढ़ शासन ने घोषित किया है अवकाश

छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक अवकाश कैलेंडर के मुताबिक, 24 नवंबर को गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के तहत मंगलवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी रहेगी। वहीं, बैंकिंग सेवाएं और सरकारी कामकाज भी पूरी तरह से बंद रहेंगे, जिससे आम लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए बुधवार तक का इंतजार करना होगा।

नवंबर महीने की यह आखिरी बड़ी छुट्टी

पूरा नवंबर महीना त्योहारों की रौनक और छुट्टियों के नाम रहा है। दिवाली, भाई दूज, छठ महापर्व और देवउठनी एकादशी के चलते छात्रों को काफी छुट्टियां मिलीं। अब महीने के अंतिम सप्ताह में पड़ने वाली गुरु नानक जयंती इस माह की आखिरी बड़ी सार्वजनिक छुट्टी साबित होगी। इसके बाद छुट्टियों के लिए दिसंबर महीने का इंतजार करना पड़ेगा।

धूमधाम से मनाया जाएगा 557वां प्रकाश पर्व

सिख धर्म के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व पूरे छत्तीसगढ़ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर गुरुद्वारों में विशेष अरदास, शबद कीर्तन और लंगर के आयोजन किए जाते हैं, जहां हर वर्ग और धर्म के लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। मुख्य पर्व के दिन यानी 24 नवंबर को राजधानी के खालसा स्कूल परिसर में गुरुवाणी कीर्तन का विशेष दीवान भी सजाया जाएगा।

नगर कीर्तन में दिखी आस्था और स्वच्छता की मिसाल

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी रायपुर की सड़कों पर भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। स्टेशन रोड गुरुद्वारे से पंज प्यारों की अगुवाई में फूलों से सजी पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य शोभायात्रा (नगर कीर्तन) निकाली गई।

  • शौर्य और झांकियां: शोभायात्रा के दौरान गतका दलों के हैरतअंगेज करतब और लंगर सेवा को दर्शाती झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इनके जरिए ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश दिया गया।
  • स्वच्छता का संदेश: नगर कीर्तन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्टेशन रोड से तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा बुड्ढा साहिब पहुंचने में करीब 5 घंटे का समय लगा। खास बात यह रही कि जुलूस के पीछे सेवादारों की टोली लगातार सड़क की सफाई करते हुए कचरा वाहन में डालती चल रही थी।

Also Read: CG Holiday Calendar 2027: छत्तीसगढ़ में साल 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, जानिए किस-किस त्यौहार पर कब रहेगा अवकाश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Related Articles

Back to top button