
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जशपुर से सीधे राजधानी रायपुर पहुंचाया है। नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर में बैठाकर रायपुर लाए और बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घर पर फिसलने से लगी थी पैर में चोट
सोमवार को रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय अपने घर पर फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को वे जशपुर दौरे पर थे और नंदकुमार साय के घर के पास ही उनका एक कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री रात में खुद उनके निवास पर पहुंचे और उनसे मिलकर उनका हालचाल जाना।
सड़क यात्रा की परेशानी को देखते हुए लिया फैसला
मुख्यमंत्री साय के अनुसार, चोट की वजह से नंदकुमार साय के लिए जशपुर से रायपुर तक का लंबा सड़क सफर तय करना बेहद कष्टदायक हो सकता था। चूंकि सोमवार को मुख्यमंत्री को भी रायपुर वापस लौटना था, इसलिए उन्होंने वरिष्ठ नेता की सुविधा को देखते हुए उन्हें अपने ही हेलीकॉप्टर से साथ लाने का फैसला किया।
फिलहाल रायपुर के बालाजी अस्पताल में नंदकुमार साय के इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है और उनका उपचार शुरू हो चुका है।
Also Read: CG Farmer Rain Advisory: चक्रवाती तूफान अकवान से फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों की फसल क्षति पर मुआवजा को लेकर कृषि विभाग ने जारी की महत्वपूर्ण सलाह, जानिए पूरा नियम



