
CG School Reopen Date: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है. नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर स्कूली बच्चों और अभिभावकों के मन में लगातार सवाल उठ रहे हैं. इस बीच स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने साफ किया है कि विभाग मौसम के मिजाज पर नजर रखे हुए है. अगर अगले एक-दो दिनों में तापमान में गिरावट नहीं आई और मौसम नहीं सुधरा, तो 16 जून से स्कूल खोलने के फैसले को टाला जा सकता है. गौरतलब है कि साल 2022 से लगातार यह स्थिति बन रही है जब अत्यधिक गर्मी के कारण छत्तीसगढ़ में हर बार स्कूलों को तय तारीख के बाद ही खोला जा रहा है.
पूर्व निर्धारित टाइमटेबल के अनुसार 16 जून से शुरू होना था नया सत्र
शासकीय कैलेंडर के मुताबिक प्रदेश भर के सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 जून से खुलने वाले थे. इस साल शिक्षा विभाग ने 25 अप्रैल से 15 जून तक के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था. जून का आधा महीना बीत जाने के बाद भी मैदानी इलाकों में सूरज के कड़े तेवर बरकरार हैं और पारा नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है. झुलसाने वाली लू और उमस के कारण फिलहाल बच्चों को कक्षाओं में बैठाना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है, जिसके चलते पुराने टाइमटेबल में बदलाव की पूरी संभावना है.
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सचिव के साथ बैठक कर दिए नए आदेश के संकेत
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विभागीय समीक्षा के बाद इस स्थिति पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बच्चों को भीषण गर्मी से बचाना हमारी प्राथमिकता है. मंत्री ने इस संबंध में विभाग के सचिव के साथ उच्च स्तरीय चर्चा भी की है. बताया जा रहा है कि मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट देखने के बाद अगले 48 घंटों के भीतर छुट्टियों को आगे बढ़ाने का नया आधिकारिक आदेश मंत्रालय से जारी किया जा सकता है. सरकार स्थिति की समीक्षा के बाद ही अंतिम फैसला लेगी.
बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावक चिंतित, सरकार के फैसले का इंतजार
हालांकि केरल में मानसून के पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अंधड़ और हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ है, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई है. इस कड़कड़ाती धूप और तपन के बीच बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर पालक वर्ग बेहद परेशान और चिंतित है. अभिभावकों की इसी चिंता को जायज ठहराते हुए शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सेहत और उनकी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. अब देखना यह होगा कि विभाग छुट्टियों को कितने दिनों के लिए आगे बढ़ाता है.



