जहर खाने के बाद कुरूद सिविल अस्पताल में भर्ती महिला रहस्यमय तरीके से गायब, अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

Kurud Civil Hospital News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित कुरूद सिविल अस्पताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराई गई एक महिला बिना डिस्चार्ज कराए अचानक गायब हो गई। परिजनों ने शुक्रवार सुबह जब महिला का बिस्तर खाली देखा तो उनके होश उड़ गए। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और वहां तैनात ड्यूटी कर्मचारियों की कार्यशैली के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जहर सेवन के बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराई गई थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसबोड़ निवासी चांदनी साहू ने गुरुवार रात अज्ञात कारणों से विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया था। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल कुरूद लेकर आए थे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया था और उसका इलाज चल रहा था। रात भर मरीज को निगरानी में रखा गया था, लेकिन सुबह होते ही वह वार्ड से अचानक नदारद हो गई।

सुबह मां देखने पहुंची तो खाली मिला बिस्तर, स्टाफ के पास भी नहीं था जवाब

शुक्रवार सुबह जब मरीज की मां लीलीबाई लहरे अपनी बेटी का हाल-चाल जानने वार्ड में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गईं। बिस्तर पूरी तरह खाली था और बेटी वहां मौजूद नहीं थी। उन्होंने तुरंत आसपास और अस्पताल परिसर में खोजबीन शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर जब परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ से पूछताछ की तो वे भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद जब कागजी कार्रवाई की जांच की गई तो पता चला कि मरीज को अस्पताल से आधिकारिक रूप से डिस्चार्ज ही नहीं किया गया था।

अस्पताल की सुरक्षा और मरीज निगरानी व्यवस्था पर परिजनों ने उठाए सवाल

घटना के सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों में काफी रोष है। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड जैसे अतिसंवेदनशील स्थान से गंभीर हालत में भर्ती मरीज बिना किसी की नजर में आए बाहर कैसे निकल गया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी, जो सीधे तौर पर लापरवाही को दर्शाता है। परिजनों ने मरीज और उसके पति से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बीएमओ का बयान, पुलिस को दी गई सूचना और मामले की जांच जारी

इस पूरे मामले पर कुरूद के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. हेमराज देवांगन ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि भर्ती महिला अस्पताल प्रशासन को बिना सूचित किए खुद ही कहीं चली गई है और उसे डिस्चार्ज नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि कोई मरीज अपनी मर्जी से बिना बताए अस्पताल से चला जाता है तो इसमें स्टाफ की सीधी भूमिका नहीं होती। फिर भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित पुलिस थाने को इसकी लिखित सूचना दे दी गई है और पुलिस अब गायब महिला की तलाश कर रही है।

Also Read: धमतरी जिला अस्पताल में चमत्कार! महिला ने दिया 5 किलो की बच्ची को जन्म, नॉर्मल डिलीवरी देख डॉक्टर भी हैरान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button