
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक पुलिस जवान द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का दुखद मामला सामने आया है। यहां डायल 112 में तैनात एक आरक्षक ने कंट्रोल रूम के भीतर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने तत्काल जवान को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नाइट ड्यूटी पर पहुंचे आरक्षक ने उठाया खौफनाक कदम
Dhamtari Police News: मृतक आरक्षक की पहचान ओंकार सोनवानी के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के डायल 112 विभाग में पदस्थ थे। वह मूल रूप से बंगोली कुरुद के रहने वाले थे। मंगलवार रात वह रोजाना की तरह अपनी नाइट ड्यूटी निपटाने के लिए कंट्रोल रूम पहुंचे थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उन्होंने रुद्री थाना परिसर में बने कंट्रोल रूम के भीतर फांसी लगा ली।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
Dhamtari News: कंट्रोल रूम में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को जैसे ही घटना का पता चला, उन्होंने तुरंत ओंकार सोनवानी को नीचे उतारा। सहकर्मी उन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही मृतक के साथी कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर है।

मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और रुद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आरक्षक ने यह कदम किस वजह से उठाया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है।
परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
रुद्री थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरक्षक के परिजनों, करीबियों और साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरक्षक किसी मानसिक या पारिवारिक तनाव में तो नहीं थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से ही पुलिस महकमा सदमे में है और सभी कोणों से मामले की पड़ताल की जा रही है।
Also Read: धमतरी में ससुराल वापस आने के लिए पत्नी ने रखी ऐसी शर्त, परेशान पति ने फांसी लगाकर दी जान



