
LPG Cylinder E-KYC Last Date: देश भर के करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। जिन लोगों ने अब तक अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी (e-KYC) सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने आखिरी मौका दिया है। पूर्व में तय अंतिम तिथि 15 अगस्त को बढ़ाकर अब 23 अगस्त कर दिया गया है। तेल कंपनियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अंतिम राहत है। इसके बाद समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी और सत्यापन न कराने वाले ग्राहकों की सिलेंडर डिलीवरी रोक दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ में 6 लाख से ज्यादा ग्राहकों की ई-केवाईसी पेंडिंग
LPG Gas KYC Deadline Extended: छत्तीसगढ़ में एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के मिलाकर लगभग 70 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से 6 लाख से अधिक ग्राहकों ने अब तक अपना भौतिक या बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराया है। राजधानी रायपुर की बात करें तो कुल 7 लाख में से 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं का सत्यापन बकाया है। गैस एजेंसियां लगातार ग्राहकों को एसएमएस भेजकर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह कर रही हैं।
23 अगस्त तक नहीं कराया ई-केवाईसी तो बंद होगी सब्सिडी
LPG Subsidy Update: मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों में साफ कहा गया है कि ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं को मिलने वाली रसोई गैस सब्सिडी तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएगी। केंद्र सरकार का उद्देश्य फर्जी कनेक्शनों की पहचान करना और पात्र लाभार्थियों तक ही योजना का लाभ पहुंचाना है। निर्धारित तारीख तक सत्यापन नहीं होने पर गैस कनेक्शन को अस्थायी रूप से निष्क्रिय श्रेणी में डाल दिया जाएगा।
ई-केवाईसी न कराने पर कमर्शियल दर पर मिलेगा घरेलू सिलेंडर
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार सत्यापन न होने पर उपभोक्ताओं को दोहरा नुकसान उठाना पड़ेगा। सब्सिडी रुकने के साथ ही घरेलू उपयोग का सिलेंडर कमर्शियल दरों पर खरीदना पड़ सकता है। वर्तमान में रायपुर में 14.2 किग्रा का घरेलू सिलेंडर 1014 रुपये में मिलता है, जबकि 19 किग्रा के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2965 रुपये है। जागरूकता की कमी के कारण मार्च 2026 से ही इसकी समय सीमा बढ़ाई जा रही थी।
गैस एजेंसी जाकर 5 मिनट में पूरा करें सत्यापन
LPG Cylinder E-KYC Last Date: ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया बेहद सरल है। उपभोक्ता अपनी संबंधित एलपीजी गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं। इसके लिए मूल आधार कार्ड और एलपीजी कनेक्शन पासबुक (गैस कार्ड) साथ ले जाना होगा। फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन के जरिए एजेंसी पर मात्र 5 मिनट के भीतर ई-केवाईसी की प्रक्रिया संपन्न हो जाती है।
घर बैठे मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
How to do LPG E-KYC Online: यदि उपभोक्ता गैस एजेंसी नहीं जाना चाहते हैं, तो वे मोबाइल ऐप के जरिए भी घर बैठे बायोमेट्रिक सत्यापन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस कंपनी (इन्डेन, एचपी या भारत गैस) का आधिकारिक ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करना होगा। ऐप इंस्टॉल करने के बाद लॉगिन करें और ई-केवाईसी विकल्प पर जाएं। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन या ओटीपी की सहायता से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
समय सीमा खत्म होने में बचे हैं कुछ ही दिन, तुरंत लें संज्ञान
23 अगस्त की समय सीमा समाप्त होने में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं। अंतिम दिनों में सर्वर पर लोड बढ़ने या एजेंसियों में भीड़ की संभावना को देखते हुए विभाग ने ग्राहकों से समय रहते प्रक्रिया निपटाने की अपील की है। जो उपभोक्ता 23 अगस्त तक सत्यापन कराने में विफल रहेंगे, उनकी अगली बुकिंग और रीफिल डिलीवरी बाधित हो सकती है।



