CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें राज्योत्सव 2026 की अवधि घटकर 3 दिन हुई, महानदी जल विवाद पर दिल्ली में अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक, मवेशियों का बनेगा ‘पशु आधार’, युवा मोर्चा की बाइक रैली कबीरधाम पहुंची, 2 अक्टूबर से ‘रिफॉर्म उत्सव’, मत्स्य संपदा योजना से बदली आदिवासियों की तकदीर, रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला T20I सीरीज, कांकेर में नक्सली डंप बरामद, टामन सोनवानी को VIP सुविधा देने पर जेल प्रहरी निलंबित और बेमेतरा कॉलेज में मैसेज विवाद पर गेस्ट लेक्चरर का इस्तीफा समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
इस साल 5 की जगह केवल 3 दिनों का होगा भव्य राज्योत्सव का आयोजन
छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास के सबसे बड़े महापर्व ‘राज्योत्सव 2026’ की अवधियां इस बार बदल दी गई हैं। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि परंपरा के अनुसार 5 दिनों तक चलने वाला यह भव्य आयोजन इस वर्ष 1 से 3 नवंबर तक यानी केवल तीन दिनों का होगा। बैठक में राज्य स्थापना दिवस के साथ-साथ प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की भी बारीक समीक्षा की गई।
महानदी जल विवाद पर दिल्ली में अहम बैठक, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे अध्यक्षता
ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारे के विवाद को सुलझाने के लिए नई दिल्ली में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री रामविचार नेताम समेत दोनों राज्यों के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल रहेंगे, ताकि नदी के पानी के मानसून और गैर-मानसून सत्र में उपयोग को लेकर कोई सर्वसम्मत और शांतिपूर्ण रास्ता निकाला जा सके।
स्थानीय निकायों में मवेशियों की होगी डिजिटल टैगिंग
छत्तीसगढ़ के शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों में आवारा पशुओं के प्रबंधन और मवेशियों की सुरक्षा के लिए एक अनोखी योजना शुरू की जा रही है। अब राज्य के अंतर्गत आने वाले हर एक मवेशी का विशेष यूनिक पशु आधार नंबर या पहचान पत्र तैयार किया जाएगा। इस डिजिटल टैगिंग व्यवस्था से मवेशियों के मालिकों की पहचान आसानी से हो सकेगी और सड़कों पर लावारिस छोड़ दिए जाने वाले पशुओं की समस्या के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
कबीरधाम पहुंची युवा मोर्चा की ‘जल जनसेवा संकल्प बाइक रैली’, मोर आवास मोर अधिकार पर संवाद
भारतीय जानाता युवा मोर्चा (BJYM) द्वारा आयोजित की जा रही राज्यव्यापी ‘जल जनसेवा संकल्प बाइक रैली’ चिलफी घाटी के रास्ते कबीरधाम जिले में प्रवेश कर चुकी है। रैली का स्वागत कवर्धा और पंडरिया शहरों में बड़े उत्साह के साथ किया गया, जहां ‘मोर आवास मोर अधिकार’ सम्मेलन के माध्यम से आम लोगों को उनके आवास अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने सेवा वाटिका में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया।
2 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में ‘रिफॉर्म उत्सव’, तैयार होगा ‘विकसित ग्राम पंचायत प्लान’
राज्यभर में 2 अक्टूबर 2026 से ‘रिफॉर्म उत्सव’ और ‘जन योजना अभियान’ के तहत विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। ग्राम सभाओं में 375 अनुमेय कार्यों में से गांव की प्राथमिकताओं को चुना जाएगा। अक्टूबर-नवंबर में वार्ड व बस्ती स्तर पर समीक्षा के बाद दिसंबर में योजना का प्रारूप प्रस्तुत होगा और 15 जनवरी तक इसे अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मत्स्य संपदा योजना का कमाल, आदिवासी मछुआ परिवारों की बदली तकदीर
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल जिले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) से ग्रामीण विकास की एक बेहद सुखद तस्वीर सामने आई है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से संचालित ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ ने स्थानीय आदिवासी मछुआ परिवारों के हालातों को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है। आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों से मछली पालन को बढ़ावा मिलने के कारण इन परिवारों की आर्थिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया गया है और वे तेजी से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।
रायपुर में पहली बार खेलेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम, भारत-जिम्बाब्वे T20I सीरीज का शेड्यूल जारी
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज आयोजित होने जा रही है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को आयोजित होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और टिकटों की विस्तृत जानकारी अक्टूबर के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी।
कांकेर-गढ़चिरौली सीमा पर नक्सली डंप से रायफलें, कारतूस और प्रिंटर बरामद
कांकेर पुलिस, बीएसएफ 94वीं वाहिनी और बीडीएस की संयुक्त टीम ने दागुनटोला-पुसगट्टा के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक छिपे हुए डंप का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षा बलों ने मौके से 12 बोर की एक सिंगल बैरल व एक डबल बैरल रायफल, 11 जिंदा कारतूस, दो प्रिंटर और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है।
सीजीपीएससी पूर्व अध्यक्ष टामन सोनवानी को जेल में VIP सुविधा देने पर जेल प्रहरी निलंबित
केंद्रीय जेल रायपुर में बंद CGPSC के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को अस्पताल में बिना हथकड़ी और बिना प्रहरी सुरक्षा के परिजनों से मिलने जैसी VIP सुविधाएं देने का वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। जेल प्रशासन ने निगरानी में तैनात जेल प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है तथा दो अन्य प्रहरियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हेतु संबंधित जेल अधीक्षकों को पत्र लिखा है।
बेमेतरा पीजी कॉलेज में छात्राओं को मैसेज भेजने पर गेस्ट लेक्चरर का हंगामा, इस्तीफा
शासकीय पीजी महाविद्यालय बेमेतरा में राजनीति विज्ञान विभाग के अतिथि व्याख्याता पर छात्राओं को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में आक्रोशित छात्रों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया और कॉलेज परिसर के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। पुलिस व कॉलेज प्रशासन की समझाइश और आरोपी व्याख्याता का इस्तीफा सार्वजनिक किए जाने के बाद स्थिति शांत हुई।
Also Read: गैस सब्सिडी का फायदा चाहिए तो तुरंत पूरा करें ये काम, जानिए क्या है नई समय सीमा
