
Raipur Police Patrol Vehicle Theft: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक अनोखा मामला सामने आया है। चोरों ने किसी आम नागरिक की दुकान या मकान में नहीं, बल्कि सीधे पुलिस की गश्ती गाड़ी को ही निशाना बना लिया। जब पुलिसकर्मी सड़क पर लगा भीषण जाम हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने में व्यस्त थे, उसी दौरान मौका पाकर शातिर चोरों ने पुलिस की गाड़ी में रखा सामान पार कर दिया। यह पूरी घटना क्षेत्र में लगे कैमरों में दर्ज हो गई है।
आजाद चौक साई मंदिर के सामने हुई वारदात
Raipur Crime News: घटना रायपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले पश्चिम जोन के आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे आजाद चौक स्थित साई मंदिर के सामने सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था चरमराने के कारण पेट्रोलिंग वाहन पर तैनात पुलिस जवान अपनी गाड़ी को सड़क पर खड़ा करके स्थिति को संभालने और जाम खुलवाने के लिए बाहर उतरे थे।
ट्रैफिक व्यवस्था में व्यस्त जवानों का चोरों ने उठाया फायदा
Azad Chowk Raipur Theft CCTV: पुलिसकर्मियों के वाहन से दूर हटते ही पहले से नजर रख रहे शातिर बदमाशों ने मौका ताड़ लिया। जवान जब गाड़ियों को निकलवाने में व्यस्त थे, तब चोरों ने बड़ी चालाकी से पुलिस के गश्ती वाहन का दरवाजा खोला और उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। जवानों को इस बात की भनक तब लगी जब वे ट्रैफिक सुचारू कराने के बाद वापस अपनी गाड़ी के पास पहुंचे।
देखें वीडियो-
मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लेकर भागे चोर
शातिर बदमाशों ने पेट्रोलिंग गाड़ी के भीतर रखा मोबाइल फोन, दो से तीन हजार रुपये की नकदी और वहां रखा गमछा पार कर दिया। पुलिसकर्मियों ने जब गाड़ी का सामान गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही तुरंत क्षेत्र की नाकेबंदी कर संदेहियों की तलाश शुरू की गई।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी चोरी साई मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्धों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। फुटेज के आधार पर चोरों के चेहरे और हुलिए की पहचान की जा रही है ताकि उनकी जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
शातिर बदमाशों की तलाश में जुटी आजाद चौक थाना पुलिस
घटना के बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें आसपास के संकरे रास्तों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



