कुरुद के ग्राम परखंदा के किसान की बेटी पूजा साहू राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित, विधायक चंद्राकर ने दी बधाई

कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम परखंदा की प्रतिभावान खिलाड़ी पूजा साहू को छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिष्ठित राज्य खेल अलंकरण से नवाजा गया है। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने पूजा को ‘शहीद कौशल यादव पुरस्कार’ प्रदान किया। सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा ने नेटबॉल खेल में गोल शूटर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस उपलब्धि से परखंदा सहित पूरे कुरुद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विधायक अजय चंद्राकर ने सराहा

पूजा साहू को पुरस्कार मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने खुशी जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कुछ उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत न होकर पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन जाती हैं। कुरुद के एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली पूजा की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। विधायक ने पूजा के साथ-साथ उनके परिजनों और कोच गोपाल साहू को भी इस शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

5वीं कक्षा से शुरू किया था नेटबॉल का सफर

Kurud Netball Player News: पूजा साहू के खेल सफर की शुरुआत स्कूल स्तर पर कक्षा 5वीं से हुई थी। सीमित साधनों के बावजूद नियमित अभ्यास, अनुशासन और अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने नेटबॉल में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। उनके खेल जीवन में स्कूल स्टेट की 4, ओपन स्टेट की 9, स्कूल नेशनल की 1 और ओपन नेशनल की 3 प्रतियोगिताओं में सफल सहभागिता रही है। लगातार राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मंचों पर खेलने से उनकी तकनीकी दक्षता मजबूत हुई है।

125 से ज्यादा खिलाड़ियों को तराश रहे हैं कोच गोपाल साहू

Kurud Netball Player Pooja Sahu: पूजा को तराशने वाले कोच गोपाल साहू के प्रशिक्षण केंद्र में इस समय 125 से 130 खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। यहां आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले बच्चों को सुबह करीब दो घंटे कड़ी ट्रेनिंग दी जाती है। कोच का मानना है कि केवल प्रतिभा होना ही काफी नहीं है, बल्कि खेल में आगे बढ़ने के लिए लंबे समय तक अनुशासन और अभ्यास की निरंतरता जरूरी है। पूजा ने अपने अनुशासन से यह साबित किया है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर गांव की बेटियां भी बड़े मंच पर अपना नाम रोशन कर सकती हैं।

विश्वविद्यालय स्तर पर धमतरी का प्रतिनिधित्व करने का है अगला लक्ष्य

प्रतिष्ठित शहीद कौशल यादव पुरस्कार प्राप्त करने के बाद पूजा साहू का अगला लक्ष्य विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में धमतरी का प्रतिनिधित्व करना है। इसके लिए वे अपने खेल की बारीकियों, शारीरिक फिटनेस और गोल शूटिंग की तकनीक को और बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। वे रोजाना मैदान पर अपनी कमियों को दूर करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं, ताकि आगामी प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

Also Read: Women T20 Asia Cup 2026: छत्तीसगढ़ के राजेश दवे बने भारतीय महिला टी20 टीम के मैनेजर, एशिया कप में संभालेंगे कमान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button