CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में अव्यवस्था, जादू-टोना के शक में हत्या, अंडर-19 भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ की बेटियां, धान खरीदी पर भूपेश बघेल का हमला, टंडन दंपती की रिमांड बढ़ी, गोलबाजार मटन मार्केट पर बुलडोजर, सूरजपुर में बस हादसा, निकाय वोटर लिस्ट विवाद, रिश्वतखोर GST असिस्टेंट कमिश्नर जेल में और बैकुंठपुर सड़क पर जंगली हाथी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में अव्यवस्था
छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना एक बार फिर बदहाल इंतजामों को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने वीडियो जारी कर यात्रा के दौरान भोजन, ठहरने की खराब व्यवस्था और कई घंटों तक सड़क पर बैठने को मजबूर होने की गंभीर शिकायत की है।
जादू-टोना के शक में युवक की Hत्या
दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुगेली में जादू-टोना करने की शंका में एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े से हमला कर युवक को मौT के घाट उतार दिया, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अंडर-19 भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ की बेटियां
इंग्लैंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के विरुद्ध होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान खिलाड़ी महक नरवासे और पलक सिंह का चयन हुआ है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है।
धान खरीदी पर भूपेश बघेल का साय सरकार पर हमला
धमतरी में आयोजित मितानिन सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी और पटवारी हड़ताल को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने आरोप लगाया कि पटवारी हड़ताल को लंबा खींचना सरकार की सोची-समझी साजिश थी, ताकि धान खरीदी प्रभावित हो और सरकार को किसानों का पूरा धान न खरीदना पड़े। उन्होंने मांग की कि बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफानों से प्रभावित किसानों का रकबा न घटाया जाए, फसल क्षति का मुआवजा दिया जाए और अधिक नमी का बहाना बनाए बिना भीगे हुए धान की भी खरीदी की जाए।
टंडन दंपती की रिमांड बढ़ी
ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामलों में गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन की पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दी गई है, जिसके बाद दोनों 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर रहेंगे। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस दीपक टंडन को उसके होटल ‘वेलकम श्री’ और वहां संचालित स्पा सेंटर लेकर पहुंची, जहाँ से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर, जमीन व गाड़ियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस स्पा सेंटर से जुड़े वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री बनाने के आरोपों की भी गहराई से जांच कर रही है।
गोलबाजार मटन मार्केट पर बुलडोजर
राजनांदगांव के गोलबाजार स्थित मटन मार्केट में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दशकों पुरानी 15 दुकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। नगर निगम और पुलिस बल की भारी मौजूदगी में की गई इस सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अतिक्रमणकारियों में खलबली फैल गई।
सूरजपुर में पेड़ से टकराई बस
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर स्थित शिवपुरी चौक के पास सासाराम से अंबिकापुर जा रही एक यात्री बस का अचानक टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में बस में सवार 15 से 17 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है, जबकि ड्राइवर को घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
निकाय वोटर लिस्ट पर राजनीतिक विवाद
छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों सहित 17 नगरीय निकायों में आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बीच वीरगांव में 3500 से अधिक मतदाताओं के नाम कटने पर राजनीतिक घमासान मच गया है। कांग्रेस ने साजिश के तहत अपने समर्थित वोटरों के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट जाने की चेतावनी दी है, वहीं भाजपा ने इसे हार के डर से बनाया जा रहा बहाना करार दिया है।
रिश्वतखोर GST असिस्टेंट कमिश्नर पांच दिन जेल में
एक व्यापारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार की गईं असिस्टेंट कमिश्नर अंजला गिरी को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के पश्चात न्यायालय ने आरोपी अधिकारी को पांच दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है, जहाँ मामले की आगे की विवेचना जारी है।
बैकुंठपुर सड़क पर आया जंगली हाथी
कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में सोनहात-रामगढ़ मार्ग पर अचानक एक जंगली हाथी मुख्य सड़क पर वाहनों के सामने आ गया। हाथी को बेहद करीब देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई, जिसके बाद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और वन विभाग को सूचना दी गई।

